महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अतरारमाफ में शुक्रवार को जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने किसान को कुल्हाड़ी से काट डाला। घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे हमलावरों को पुलिस ने पकड़ लिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
किसान अमिताभ सिंह (28) पुत्र राजाबाबू जेसीबी मशीन से अपने खेत की मेड़बंदी करा रहा था। इस पर उसका पड़ोसी भोला सिंह परिवार के लोगों के साथ खेत पर पहुंचा और मेड़बंदी के दौरान अपने खेत में मिट्टी गिराए जाने की बात कहते हुए विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
आरोप है कि भोला सिंह, उसका बेटा अंतिम सिंह और भाई कीरत सिंह ने मिलकर अमिताभ को लाठी डंडे से पीटा। इसके बाद कुल्हाड़ी से सिर व गले पर वार कर दिया, जिससे अमिताभ की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुन अमिताभ के पिता राजाबाबू व परिवार के अन्य लोग भी खेत की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों के आता देख आरोपी भाग निकले। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज किया और ननौरा के जंगल से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना, सीओ चरखारी नंदलाल ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया।