मूसानगर। थाना क्षेत्र के सनाया सालवान में बुधवार दोपहर खेत में पानी लगाने गए एक किसान पर फावड़ा से हमला कर हत्या कर दी गई। किसान का शव खेत में खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की है।
सनाया सालवान निवासी माया देवी ने बताया कि पति श्यामा चरण (65) खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। इकलौता बेटा नबाव इंदौर मध्यप्रदेश में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। पति ने अपने खेतों के पास मलासा निवासी झन्नू सिंह के खेत को बलकट पर लिया था। उसमें सरसों की फसल की बोआई करने के लिए बुधवार सुबह आठ बजे के करीब पति घर से खेत की सिंचाई करने के लिए निकले थे। वह घर से फावड़ा भी ले गए थे। पति के घर न आने पर दोपहर 12 बजे के करीब जब वह घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत पर पति को खाना देने पहुंची तो पति का खून से लथपथ शव बाजरे के खेत में पड़ा था। पास में खून से सना फावड़ा पड़ा था।
उनके चेहरे पर कुछ लोगों ने फावड़ा से ताबड़-तोड़ वार कर हत्या कर दी। हमले में उनका चेहरा भी क्षतविक्षत हो गया। सूचना पर सीओ संजय सिंह, थानाध्यक्ष अमिता वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और घटना स्थल पर छानबीन करने के साथ फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। अनहोनी पर पत्नी व परिजन रोने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजन किसान के बेटे का मौके पर आने का इंतजार कर रहे हैं। सीओ संजय सिंह ने बताया कि किसान की फावड़ा से हमला कर हत्या की गई है। मामले में अभी तक परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। घटना को लेकर कई बिंदुओं पर जांच के साथ हत्यारोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।