यूपी के जालौन जिले में आटा थाना क्षेत्र के ग्राम परासन के मंजरा भड़रा डेरा निवासी कृपाल मंगलवार रात को पाराशर धाम में भंडारा खाकर घर लौट रहा था। इस दौरान वह खेत के रास्ते जा रहा था। जहां बीर बहादुर के खेत में बिजली के तार पड़े हुए थे।
जिनमें 11 हजार का करंट दौड़ रहा था। कृपाल का पैर उन तारों में पड़ गया इससे उसने तड़पकर दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह खेत की ओर गए किसानों ने उसका शव देखा तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने उनके परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कृपाल के 6 छोटे बच्चों व पत्नी संतोष रानी का रो-रोकर बुरा हाल है।