यूपी के औरैया जिले में 15 बीघा जमीन पर दबंगों के कब्जा करने से आहत किसान ने फांसी ली। सुसाइड नोट में किसान ने दो लोगों को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने जांच पड़ताल की। घटना अछल्दा थाना क्षेत्र के बंशी गांव की है।
बंशी गांव निवासी किसान गोपाल दीक्षित(35) पुत्र बाबूराम ने घर में दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रविवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह होने पर पत्नी प्रीति ने उन्हें फांसी पर लटका हुआ पाया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने जांच पड़ताल की।
मृतक की पत्नी ने राजेंद्र, राजेंद्र के बहनोई सुरेश चंद्र मिश्रा निवासी इटावा व सुनील शाक्य निवासी महाराजपुर के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। पुलिस द्वारा बरामद किए गए सुसाइड नोट में राजेंद्र व उसके बहनोई सुरेश को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।