मृतक की फाइल फोटो, शोकग्रस्त परिजन व ग्रामीण महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
अन्ना जानवरों द्वारा फसल चट कर जाने से दुखी किसान आत्महत्या कर रहे हैं। ताजा मामला जसपुरा थाना क्षेत्र के जसपुरा कस्बे का है। किसान सुभाष सिंह (55) पुत्र भगवानदीन सिंह सोमवार रात अपने खेत गया हुआ था, यहां पर उसने देखा कि उसकी पूरी फसल को अन्ना जानवरों द्वारा चट कर लिया गया है।
इसी बात से दुखी होकर वहीं पर बैठा रहा। इसके बाद खेतों के पास ही लगे बबूल के पेड़ में फंदा बना कर फांसी लगा ली। जब काफी रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन खेत गए तो पेड़ से शव लटकता देखा। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बड़े बेटे राहुल सिंह ने बताया कि पिता तीन दिन बाद खेत देखने गए तो अन्ना जानवरों द्वारा पूरी फसल को बर्बाद देखकर फांसी लगा ली। मृतक के दो लड़के तथा एक लड़की है। मृतक के नाम लगभग 15 बीघा खेत हैं।