कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के दीपपुर गांव निवासी किसान रामआसरे यादव (70) ने शुक्रवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन का आरोप है कि सजारी सीवेज प्लांट का पानी बीते दो वर्षों से उनके खेतों में भरा है। इसके चलते फसल बोने को नहीं मिल पा रही थी। बुजुर्ग इस कारण तनाव में थे। देर रात अन्य परिजन के सोने के बाद उन्होंंने खुदकुशी कर ली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
दीपपुर गांव में रहने वाले रामआसरे यादव के परिवार में पत्नी शारदा देवी, बेटा अंकित उर्फ मोनू, दो शादीशुदा बेटियां ममता और माया हैं। उनके भाई सत्यनारायण ने पुलिस को बताया कि रामआसरे की करीब दो बीघा फसल कांशीराम काॅलोनी के बगल में स्थित है। वहां सजारी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का पानी उनके खेतों में बीते साल से भरा हुआ है। आरोप है कि उन लोगों ने समाधान दिवस और जिलाधिकारी कार्यालय में मामले की शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आंखों के सामने बंजर होते खेत देखकर वह अंदर से टूट गए। इस गंभीर समस्या के कारण खेत की कीमत भी घट गई है।
खेत पूरी तरह से नष्ट होने से परिवार का भरण-पोषण करना तक मुश्किल हो गया था। उनका कहना था कि इसके साथ ही दीपपुर, उंचटी, गौसिया, छतमरा, टिकरा गांव के किसान भी प्रभावित हैं। उनका शव घर के बगल में भूसे की कोठी में कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि परिजन तहरीर देंगे तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।