वीवीआईपी ड्यूटी में चित्रकूट आ रहे बांदा जनपद के पुलिस क्षेत्राधिकारी के वाहन ने झांसी मिर्जापुर नेशनल हाईवे भरतकूप चौकी क्षेत्र के अकबरपुर गांव के पास साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे साइकिल सवार किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह देख स्थानीय लोगों ने वाहन में पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव से अनियंत्रित होकर पुलिस वाहन पलट गया।
सूचना पर पहुंची भरतकूप चौकी पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तो गुस्साई भीड़ ने दरोगा व सिपाहियों को दौड़ा लिया। कई को मारापीटा भी है। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे डीएम-एसपी के आश्वासन पर लगभग 45 मिनट बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने की तोड़ फोड़, पुलिस को घेरा
- फोटो : अमर उजाला
रविवार की शाम भरतकूप चौकी क्षेत्र के अकबरपुर मोड के पास इसी गांव का बल्ली उर्फ माता प्रसाद यादव (40) पुत्र रघुराज साइकिल से अपने घर आ रहा था। तभी बांदा की ओर से वीवीआईपी ड्यूटी में आ रहे अतर्रा क्षेत्राधिकारी के वाहन की टक्कर लगने से मौके पर ही साइकिल सवार की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन पर पथराव कर दिया।
गुस्साए लोगों को देख क्षेत्राधिकारी ने चौकी में सूचना दी। मौके पर पहुंचे भरतकूप चौकी प्रभारी राजेश मिश्र व एसआई राहुल ने पुलिस बल के साथ स्थानीय ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करने लगे, किन्तु बात नहीं बनी और भीड भड़क गई। एकजुट लोगों ने मारने के लिए पुलिस को दौड़ा लिया। कुछ पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने मारापीटा भी लेकिन इसी बीच कई थाने की पुलिस फोर्स ने पहुंच कर सबको बचा लिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा समेत दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर सड़क पर शव रख नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी शेषमणि पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल भारी पुलिस, पीएसी बल के साथ पहुंचे। गुस्साए परिजनों को समझाकर कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इस पर ग्रामीण शांत हुए और शाम सवा पांच बजे यातायात बहाल हो सका। सीओ सिटी रजनीश कुमार के अनुसार पुलिस वाहन के चालक को भी चोट आई है। घटना के दौरान सीओ अतर्रा बांदा के अपर एसपी के वाहन में बैठे थे जिससे उनकी गाडी में चालक के अलावा दो पुलिसकर्मी थे। मृतक खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पत्नी बिट्टन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पुत्र व पुत्री है।