राठ क्षेत्र के धनौरी सहकारी समिति में ग्रामीणों द्वारा बंद किए गए मवेशी
- फोटो : अमर उजाला
अन्ना मवेशियों से परेशान हमीरपुर के धनौरी गांव के किसानों ने मंगलवार सुबह जमकर हंगामा करते हुए खेतों में घुसे तकरीबन पांच सौ से ज्यादा मवेशियों को हांककर गांव के क्षेत्रीय सहकारी समिति परिसर में बंद कर दिए। राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच अस्थायी गोसेवा केंद्र की व्यवस्था करने को कह किसानों को शांत कराया।
खेतों में घुसकर अन्ना मवेशी दलहनी फसलों को नष्ट कर रहे हैं। इससे आक्रोशित धनौरी गांव के किसानों ने सैकड़ों मवेशियों को गांव स्थित सहकारी समिति परिसर में बंद कर दिया। आक्रोशित किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के आदेश के बावजूद अन्ना मवेशियों की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है।
अन्ना मवेशियों के फसलों को नुकसान पहुंचाने से हमीरपुर के किसानों का पारा चढ़ा
गांव में गोशाला न बनने पर अन्ना मवेशी खेतों में घुस कर फसलों को नष्ट कर रहे हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ ग्रामीणों ने मामले की सूचना एसडीएम सुरेश कुमार को दी। एसडीएम ने लेखपाल लक्ष्मी प्रसाद व सचिव सुरेश कुमार को मौके पर भेज मामले के निस्तारण के आदेश दिए। मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया।
गांव के बाहर पहले बनाई गई अस्थायी गोशाला में मवेशियों का प्रबंधन किया। साथ ही जल्द गोशाला बनाने का आश्वासन भी दिया। जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। इस दौरान करीब 4 घंटे तक हंगामा चलता रहा। उधर, पत्योरा क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में अन्ना गोवंश किसानों की फसलों को चौपट करने में लगे हैं।
हमीरपुर जिले के पत्योरा में मवेशियों ने दस बीघे फसल नष्ट की
पत्योरा में दस बीघे तिल की फसल अन्ना मवेशियों ने नष्ट कर दी, जिससे किसान परेशान हैं। सैकड़ों बीघे में खड़ी फसलें अन्ना मवेशी नष्ट कर चुके हैं। पत्योरा निवासी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आठ बीघे में बोई तिल की फसल अन्ना मवेशियों ने नष्ट कर दी है। करीब पांच सौ मवेशी फसलों को चौपट कर रहे हैं। इंद्रपाल सिंह की दो बीघे की फसल मवेशियों ने पैरों से रौंद डाली।
पचखुरा निवासी किसान सुनील सिंह ने बताया कि पांच बीघे में बोई तिल की फसल मवेशियों ने नष्ट कर दी है। सुरौली बुजुर्ग प्रधान प्रतिनिधि रामफूल निषाद ने बताया कि डीएम के मौखिक आदेश पर अमल किया जा रहा है। आश्रय स्थल बनाने का काम शुरू करा दिया गया है। बीडीओ गजेंद्र सिंह ने कहा कि सचिवों व प्रधानों को निर्देशित किया कि हर हाल में सोमवार तक अन्ना गोवंश को संरक्षित करें।