पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंभीरपुर गांव में दो दिन पूर्व हुई महिला की मौत के मामले में नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। रविवार रात टेंपो से कुचलकर हुई महिला की मौत को परिजनों ने रंजिश के तहत की गई हत्या करार दिया है। मंगलवार को गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीरपुर गांव में सड़क पर मृतका का शव रखकर जोरदार हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसके बाद मामला शांत हो सका।
रविवार रात 10:30 बजे हुआ था हादसा, रंजिश का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर गांव निवासी 45 वर्षीय राजेश्वरी रविवार रात करीब 10:30 बजे अपने घर के पास मौजूद थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई राजेश्वरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस, आरोपी की तलाश में दबिश
सड़क पर शव रखकर हंगामे और तनाव की सूचना मिलते ही पनकी थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया।