बकेवर। कथावाचकों के साथ मारपीट करने व उनके सिर मुड़वाने के आरोप में पकड़े गए चार आरोपियों के परिजनों ने कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई है। एसीजेएम चतुर्थ ने झांसी पुलिस के विवेचक से इस मामले में टिप्पणी के साथ रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद जमानत का निर्णय लिया जाएगा।
गांव दांदरपुर में 21 जून को कथावाचकों के साथ मारपीट करने के बाद उनका सिर मुड़वाने के साथ चोटी भी काटी गई थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद 23 जून को कथावाचक संत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बकेवर पुलिस ने इस मामले में 23 जून की शाम ही वायरल वीडियो के आधार पर चार युवकों निक्की अवस्थी, प्रथम दुबे, उत्तम अवस्थी और आशीष तिवारी गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
अब इन युवकों के परिजनों ने जमानत अर्जी एसीजेएम चतुर्थ न्यायालय में लगाई है। विवेचना झांसी पुलिस के पास होने की वजह से कोर्ट ने विवेचक पूंछ थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल टिप्पणी के साथ पूरे रिपोर्ट मांगी है। बकेवर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि उक्त मामले की जमानत आवेदन को विवेचक के पास झांसी भिजवा दी गई है। उसकी रिपोर्ट झांसी से ही विवेचक लगाएंगे।