ताखा। बीएससी की छात्रा का शव गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा थानाध्यक्ष के खिलाफ फूट पड़ा। परिजनों ने थानाध्यक्ष पर कार्रवाई न होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही। करीब डेढ़ घंटे बाद सीओ और एसडीएम ने एसओ के खिलाफ जांच बैठाने के साथ ही परिजनों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए फर्रुखाबाद रवाना हुए। पुलिस ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार भी कर लिया है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र एक गांव निवासी बीएससी की छात्रा को गांव का युवक रिजवान छेड़छाड़ करके परेशान करता था। इससे तंग आकर 26 अप्रैल की रात को छात्रा ने जहर खा लिया था। शुक्रवार सुबह छात्रा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शनिवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे शव गांव पहुंचा। यहां परिवार और गांव के लोगों में एसओ के खिलाफ आक्रोश जताया। मामला गंभीर देखते हुए एसडीएम श्वेता मिश्रा, सीओ भरथना अतुल प्रधान, सीओ चकरनगर नागेंद्र चौबे, नायब तहसीलदार विपिन मिश्रा, बिठौली, भरेह, वैदपुरा, बसरेहर, चौबिया समेत लगभग छह थानों का फोर्स लेकर पहुंच गए।
एक ट्रक महिला और एक ट्रक पुरुष पीएसी बटालियन भी बुला ली गई थी। जानकारी पर हिंदू संगठनों और भाजपा नेता भी पहुंच गए। परिवार के लोग एसओ पर कार्रवाई नहीं होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कह रहे थे। अधिकारियों ने करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद उच्चाधिकारियों से वार्ता करके आरोपी एसओ के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही। इसके बाद डेढ़ बजे परिजन शव लेकर फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुए। सुरक्षा की दृष्टि शव के साथ चार पुलिस की जीपों से फोर्स भी भेजा गया। गांव में पुलिस बल तैनात है। उधर, पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान, उसके दो भाइयों, माता-पिता समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें मुख्य आरोपी रिजवान, पिता अशाेक खां और बड़े भाई कल्लू उर्फ सलमान को गिरफ्तार कर लिया है।
छात्रा के पिता ने आरोप लगाया था कि बेटी को परेशान करने की तहरीर उसने 26 को दिन में ही थाना पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बेटी के जहर खाने के बाद पुलिस ने कोरम पूरा करने के लिए आरोपी युवक का 28 अप्रैल को शांतिभंग में चालान कर दिया था।शनिवार को गांव पहुंचे विहिप के जिलाध्यक्ष अमित दीक्षित, जिला मंत्री भानू ठाकुर, जिला सह मंत्री दीपक चतुर्वेदी, आदित्य गुप्ता, जिला सह संयोजक बजरंग दल सुमित सिंह ने भी थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
गांव में बनी मस्जिद पर लगे लाउडस्पीकर से तेज आवाज आने की शिकायत छात्रा के भाई ने सीओ भरथना से की। आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष की शह से मस्जिद पर लाउडस्पीकर कुछ दिन पहले लगा दिए गए हैं, जो बहुत तेज आवाज में बजते हैं। उसकी बहन भी छात्रा थी। उसे भी पढ़ाई में समस्या होती थी। बहन तो अब दुनिया में नहीं रही, लेकिन पढृने वाले दूसरे बच्चों को तकलीफ न हो इसलिए इनकी जांच कर कार्रवाई की जाए। सीओ अतुल प्रधान ने मस्जिद में जाकर पूरे मामले की जांच की। लाउडस्पीकर बजाने की कोई अनुमति न होने पर उन्होंने लाउडस्पीकर को तत्काल उतरवा दिया। सीओ अतुल प्रधान ने बताया मस्जिद से लाउडस्पीकर हटा दिए गए हैं।
● परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से पहले थानाध्यक्ष को निलंबित करने व घटना में संलिप्तता की जांच करने की मांग।
● पीडि़त परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की गई।
● पीडि़त परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई।
● गांव में बनी मस्जिद पर बिना अनुमति के अवैध रूप से लगे लाउडस्पीकरों को उतरवाने की मांग की गई।
शुक्रवार रात को युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय आ गया था। यहां परिजनों ने रात में पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। इस पर शव रखने के लिए मोर्चरी और पोस्टमार्टम हाउस पर रखे डीप फ्रीजर खराब होने की जानकारी पर युवती के परिजनों ने नाराजगी जाहिर की। एक मामूली रूप से ठंडे फ्रीजर में शव को रखकर काम चलाया गया।
रिपोर्ट दर्ज करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष की लापरवाही की जांच एसपी क्राइम से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- संजय कुमार वर्मा, एसएसपी