विधवा महिला और उसके दिव्यांग प्रेमी का सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले में गुरसहायगंज कोतवाली इलाके के बनियानी में विधवा और दिव्यांग का सिर मुंडवाकर कालिख पोतकर जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की। घटना को छिपाने के आरोप में पुलिस ने गांव प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा गांव की घेराबंदी कर एक-एक घर की तलाशी ली गई।
पुलिस ने नौ और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। मंगलवार की रात गुरसहायगंज कोतवाली के बनियानी में रहने वाली विधवा और उसके दिव्यांग प्रेमी को संजय, राम खिलावन, परमसुख, किशन, प्रमोद, दीप सिंह, राजेश और श्याम बाबू ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था।
दोनों की पिटाई कर बुधवार की सुबह सिर मुंडवाकर दोनों के चेहरों पर कालिख पोत दी थी। जूतों और चप्पलों की माला डालकर डुगडुगी बजाते हुए गांव में जुलूस निकाला था। पुलिस ने मामला दर्ज कर रात को संजय और राम खिलावन को गिरफ्तार कर लिया।