कन्नौज जिले के गुरसहायगंज इलाके के सफीपुर गांव में दो पक्षों में पथराव के साथ फायरिंग हुई। तोड़फोड़ भी की गई। इस दौरान सीने में गोली लगने से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पथराव में परिवार के दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
आक्रोशित लोगों ने पथराव कर रिश्तेदारों की कार तोड़ दी। दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली इलाके के सफीपुर में निसार के घर गुरुवार को कुछ रिश्तेदार आए थे। यह कार खड़ी कर निसार के घर पैदल जाने लगे। इसी दौरान पड़ोसी उस्मान के घर की नाली से गंदा पानी गिर रहा था। कपड़े खराब हो जाने से रिश्तेदारों ने पानी बंद करने के लिए कहा।
इस पर महिलाएं गाली-गलौज करने लगीं। इसी बीच निसार और परिवार के लोग पहुंच गए। दोनों पक्षों में गाली गलौज के साथ मारपीट होने लगी। मामला बढ़ने पर इनमें पथराव होने लगा। दोनों पक्षों से फायरिंग शुरू हो गई।