औरैया जिले में ककोर बंबा के पास सड़क के किनारे से पुलिस ने शनिवार को एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना, सौर ऊर्जा योजना और सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था।
उसके पास से सचिवालय के कई फर्जी आईडी कार्ड, लोगों की फोटो, आधार कार्ड एवं शैक्षिक प्रमाणपत्र बरामद हुए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र नाथ यादव ने दिबियापुर थाने में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हिमांशु दीक्षित उर्फ पंकज दीक्षित निवासी रुरुखुर्द विशुनपुर को गिरफ्तार किया गया है।
इसके पास से कई फर्जी आईडी कार्ड, 260 फोटो, 130 आधार कार्ड, पासबुक सहित कई दस्तावेज मिला है। यह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं, पुरुषों से प्रधानमंत्री आवास योजना, सौर्य ऊर्जा योजना, सचिवालय लखनऊ में नौकरी दिलाने आदि के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये ऐंठने का काम करता है।
इसके एवज में भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ सचिवालय के फर्जी आईडी कार्ड बनाकर देता था। वार्ता के दौरान प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल, इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।