यूपी के चर्चित अनामिका शुक्ला की तरह कन्नौज के ब्लाक हसेरन के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर बरौली में विभव की डिग्री पर जसवंत के नौकरी करने का पर्दाफाश होने पर उसे बर्खास्त कर दिया गया। बीएसए ने बीईओ को आरोपी जसवंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए।
साथ ही अब तक दिए गए वेतन की रिकवरी के निर्देश दिए। बीएसए ने यह कार्रवाई कासगंज एसपी के पत्र पर की। जबकि तीन सदस्यीय टीम को सौंपी गई जांच रिपोर्ट अभी तक अधूरी है। बेसिक शिक्षा अधिकारी केके ओझा ने बताया कासगंज एसपी सुशील घुले का पत्र मिल गया है।
इसमें उन्होंने बताया कि पकड़े गए जसवंत ने पूछताछ में बताया कि वह विभव की डिग्री कन्नौज के ब्लाक हसेरन में पूर्व माध्यमिक रामपुर बरौली में 2015 से नौकरी कर रहा था। बीएसए ने कासगंज एसपी के पत्र पर आरोपी शिक्षक विभव उर्फ जसवंत को बर्खास्त कर दिया।
बताया कि जब से वह शिक्षा विभाग में नियुक्त हुआ था। तब से उससे वेतन व अन्य मदों की रिकवरी की जाएगी। धनराशि न देने पर आरसी जारी कर वसूली की जाएगी। बीएसए केके ओझा ने 12 जून को शिक्षक भर्ती में हुई गड़बड़ी के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की।
इसमें ब्लाक तालग्राम के बीईओ पवन द्विवेदी, ब्लाक गुगरापुर के बीईओ राजेश कुमार और जिला समन्वयक एमडीएम मोहम्मद आदिल को जांच सौंपी गई है। उन्हें तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। तीन दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद अभी तक उन्होंने जांच नहीं सौंपी थी।