सीएम हेल्पलाइन पर हुई शिकायत का फर्जी निस्तारण
फर्रुखाबाद जिले में बाढ़ की चपेट में आने वाले गांवों में जल संचयन के नाम पर सरकारी धन की बर्बादी के मामले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की गई। इसका निस्तारण बिना जांच के ही कर दिया गया। कहा गया कि जेई से फोन पर बात की गई है जबकि जेई का कहना है कि उन्होंने न तो कोई जांच की और न ही रिपोर्ट दी।
भाजपा किसान मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष अशोक कटियार ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पर शिकायत की थी कि राजेपुर ब्लाक क्षेत्र बाढ़ की चपेट में आता है। बरसात के दिनों में गांव में जलभराव होने से रास्तों से निकलना चुनौती बन जाता है।
इन गांवों में जल निकासी की जरूरत है, जबकि परिषदीय स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट लगाकर सरकारी धन की बर्बादी की जा रही है। क्षेत्र के गांव अलादादपुर भटौली, अलीगढ़ मोहद्दीनगर, बलीपट्टी रानीगांव, हरसिंहपुर, गांधी, गाजीपुर, गूजरपुर पमारान, जैनापुर महेशपुर, कूबेरपुर कुतलूपुर, मुजहा, कुम्हरौर, पिथनापुर, रतनपुर पमारान आदि बाढ़ की चपेट में आने वाले गांवों में प्लांट लगाए जा रहे हैं।
बाढ़ का पानी निकालने की कोई व्यवस्था नहीं है। इस पर शासन से जांच कर रिपोर्ट मांगी गई। प्रभारी श्रम उपायुक्त /परियोजना निदेशक डीआरडीए राजमणि वर्मा ने शिकायत का निस्तारण कर डीएम को 26 दिसंबर को रिपोर्ट भेज दी।