कानपुर में सिविल लाइंस निवासी उद्योगपति की बहू का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने वाले को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले तीन महीने से आरोपी महिला के फेसबुक दोस्तों को आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर आशीष शुक्ला ने बताया कि जनवरी में एक युवक ने महिला के नाम से उसकी फोटो लगाकर फेसबुक अकाउंट बनाया था। फिर वह उनके सभी फेसबुक दोस्तों से जुड़ता गया। कुछ दिन बाद वह उन्हें अश्लील मैसेज, वीडियो व फोटो भेजने लगा। जानकारी होने पर 23 फरवरी को पीड़िता के देवर ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवाई थी।