महोबा जिले में धोखाधड़ी की घटनाएं थम नहीं रहीं हैं। बैंक मैनेजर बनकर एटीएम नंबर पूछने के बाद उपभोक्ता के खाते से 15 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित ने बैंक मैनेजर व पुलिस को मामले से अवगत कराते हुए मोबाइल फोन पर आई काल का नंबर भी सौंपा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रेपुराखुर्द निवासी रामगोपाल विश्वकर्मा भारतीय स्टेट बैंक महोबा का खाता धारक है। रामगोपाल ने एटीएम कार्ड भी बनवाया था। पीड़ित ने बताया कि 23 नवंबर की सुबह उसके मोबाइल पर काल आई।
जानकारी करने पर बताया कि मैं दिल्ली से मैनेजर बोल रहा हूं। आपके एटीएम कार्ड की तिथि समाप्त होने वाली है। आप कार्ड में अंकित नंबर बताएं जिससे कार्ड रिन्यूवल हो सके। रामगोपाल ने जैसे ही एटीएम कार्ड पर अंकित 16 डिजिट का नंबर बताया वैसे ही फोन कट गया।
पीड़ित ने बताया कि फोन काल से आधा घंटे बाद ही उसके खाते से 15 हजार रुपये निकल गए। जैसे ही उसके फोन पर एक के बाद एक दो मैसेज आए तो उसके होश उड़ गए। एटीएम से निकाले गए पैसे से खरीदारी किए जाने का डिटेल मैसेज में आया है। पीड़ित ने बैंक प्रबंधक और कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराते हुए उक्त नंबर की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।