कानपुर। गोविंदनगर स्थित नगर निगम के जोन पांच कार्यालय में फर्जी नियुक्ति का मामला सामने आया है। सोमवार को दो लोग आउटसोर्सिंग में तैनाती के लिए जेटीएन कंपनी का नियुक्ति पत्र लेकर विभागीय अधिकारियों के पास पहुंचे तो उन्हें शक हुआ। अधिकारियों ने आउटसोर्सिंग पर नियुक्ति देने वाली कंपनी से जांच करा ली तो फर्जीवाड़ेे की पोल खुल गई। इसके बाद अधिशासी अभियंता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गोविंदनगर थाने में शिकायत की है।
नगर निगम जोन पांच कार्यालय के अधिशासी अभियंता कमलेश पटेल के अनुसार, कार्मिक विभाग की ओर से 18 अप्रैल को एक पत्र जारी किया गया है। इसमें दस कर्मचारियों को जोन एक से पांच में तैनाती दी गई। इसी पत्र के आधार पर चटाई मोहाल की अनीता भारती और जूही परमपुरवा की हरिजन कालोनी निवासी सौरभ को सफाईकर्मी के पद पर नियुक्ति करने का दावा किया था। दोनों लोग आउटसोर्सिंग कंपनी जेटीएन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड का नियुक्ति पत्र लेकर कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारियों को शक हुआ तो उन्होंने नियुक्ति पत्र जांच के लिए कार्मिक विभाग के पास भेज दिए। कार्मिक विभाग ने नियुक्ति के संबंध में कोई भी जानकारी होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद उन्होंने नियुक्ति को लेकर आउटसोर्सिंग कंपनी से संपर्क किया तो कंपनी के निदेशक राजन शुक्ला ने साफ इन्कार किया। कहा कि उनकी कंपनी की ओर से ऐसे कोई भी नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं। गाेविंदनगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अधिशासी अभियंता की ओर से शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। उसी के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।