यूपी के जालौन जिले में किशोरी से दुष्कर्म में असफल होने पर आरोपी ने उसके घर में ही आग लगा दी। जिससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। कोतवाल संजय गुप्ता ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाए पीड़ितों को जांच का आश्वासन देकर टरका दिया। रिपोर्ट दर्ज न होने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की किशोरी (15) अपनी भाभी के साथ रविवार की देर शाम शौच क्रिया के लिए घर से निकली थी। जब दोनों गांव के बाहर स्थित पीपल के पेड़ के पास सुनसान जगह पर पहुंची तो गांव के ही युवक वीरू पुत्र रामबाबू ने किशोरी को बुरी नीयत से खींचने का प्रयास किया। भाभी ने उसका विरोध किया तो युवक ने उसके साथ मारपीट कर धमका दिया। डरी सहमी भाभी भागती हुई घर पहुंची और परिजनों को साथ लेकर वापस घटनास्थल पर पहुंची। घरवालों को आता देख आरोपी उस वक्त वहां से भाग निकला।
इसके बाद देर शाम जब किशोरी को लेकर परिजन कोतवाली शिकायत करने के लिए गए थे, उसी वक्त आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के घर पर आग लगा दी। जिससे गृहस्थी का सारा सामान जल कर राख हो गया। सूचना पर सुरही चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने रात में गांव जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और आरोपी युवक के घर में दबिश भी दी लेकिन वह फरार हो चुका था। घटना की तहरीर किशोरी के पिता ने कोतवाली में दे दी है।
कोतवाल संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि मामला आपसी विवाद का भी हो सकता है। लिहाजा जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोपी पक्ष से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। कहना है कि वे मंगलवार को मामले की शिकायत एसपी से करेंगे।