कानपुर। बिठूर क्षेत्र के एक निजी विश्वविद्यालय में नर्सिंग छात्रा के खुदकुशी की कोशिश के मामले में नया मोड़ आ गया है। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा से पहले 20 हजार रुपये घूस नहीं दे पाए, इसलिए बेटी को फेल कर दिया। अब बेटी के शरीर में कुछ बचा नहीं है, फिर भी वेंटीलेटर पर रखकर बिल बना रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंधना स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग अंतिम वर्ष की छात्रा आरती सचान ने शनिवार दोपहर परिसर में स्थित हाॅस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की थी। सहपाठियों व प्रबंधन ने उसे संस्थान के अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उसकी हालत गंभीर है।
मामले में आरती के शिक्षक पिता जयकरन सचान ने रविवार दोपहर बाद बिठूर थाने में विश्वविद्यालय के चेयरमैन और निदेशक के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि छठवें सेमेस्टर की परीक्षा के परिणाम आने के पहले विश्वविद्यालय के चेयरमैन और निदेशक ने आरती से 20 हजार रुपये की मांग की थी। पैसे न देने पर किसी एक विषय में फेल करने की बात कही थी।
वह आर्थिक तंगी की वजह से पैसे की व्यवस्था नही कर सके। जब सेमेस्टर परीक्षा में बैक आई तो वह परेशान हो गई। इसलिए खुदकुशी की कोशिश की। पिता का आरोप की प्रथम सेमेस्टर में भी एक विषय के बैक पेपर के लिए उन्होंने कालेज में 10 हजार रुपये जमा किए थे। आरोप है की शनिवार को पहले कालेज की तरफ से आरती की मौत की सूचना दी गई। फिर उसका इलाज चलने की जानकारी दी गई।
छात्रा के परिवार वालों ने जो भी आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इन सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल छात्रा की स्थित अभी नाजुक है। उसका इलाज चल रहा है।
-राजेश कुमार सिंह, डीसीपी पश्चिम