सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के तरौंदा निवासी सुपरवाइजर की दिवाली की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव नंगापुर गांव जाने वाले मार्ग पर पड़ा मिला। हत्या की जानकारी होते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए हैं।
तरौंदा निवासी शिवनारायण तिवारी की आठ बेटियां हैं, कोई बेटा न होने पर बुढ़ापे में सहारे के लिए उन्होंने कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के नियूरी निवासी बेटी बेबी के पुत्र विनय अवस्थी उर्फ शिब्बू (25) को बचपन से अपने पास रख लिया था। विनय रनियां के राजेंद्रा चौराहा स्थित एक फैक्टरी में ठेकेदार के अधीन सुपरवाइजर का काम करता था। सोमवार रात को उसकी सिर, गले में एक-एक व सीने में दो गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए किसानों ने उसका शव सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा देखा।
घटना की सूचना पर एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एएसपी राजेश पांडेय, सीओ सदर संजय वर्मा, गजनेर, रनियां व अकबरपुर थाना के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड की मदद से घटना स्थल पर छानबीन की गई। पुलिस को छानबीन के दौरान घटना स्थल के पास से दो खोखा कारतूस व 100 मीटर की दूरी पर खाली शराब की बोतल मिली है। मृतक के पिता अरविंद कुमार अवस्थी ने पुलिस को तहरीर दी।
बताया कि बेटा विनय सोमवार को दिवाली के चलते रात 8:30 बजे गणेश लक्ष्मी का पूजन करने के बाद अपने दोस्त बऊआ सिंह के घर पर दावत में जाने की बात कहकर निकला था। रात में घर नहीं लौटा, सुबह छानबीन के दौरान बेटे की हत्या किए जाने जानकारी मिली। वारदात के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी रही। वहीं, नाना व नानी मुन्नी देवी के साथ माता-पिता बिलखते रहे। पुलिस अधिकारी उन्हें ढांढस बंधाने के साथ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते रहे।
........................
वर्जन...............
घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। घटना को लेकर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। विनय के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। - संजय वर्मा, सीओ सदर