कानपुर। पनकी में महिला से रेप कर उसका अश्लील वीडियो बनाने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक ने पहले महिला से फेसबुक पर दोस्ती की, फिर उसी के घर पर रेप की घटना को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि रेप की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया है।
क्षेत्र की विवाहिता ने पुलिस को बताया कि पनकी में ही रहने वाले मेडिकल रिप्रेंजेटेटिव अताउल्ला उर्फ अशद से साल भर पहले उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद अशद ने बतौर दोस्त घर आना-जाना शुरू कर दिया। कुछ दिन पहले अशद घर आया और कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। थोड़ी देर बाद जब होश आया तो अशद घर पर नहीं था। दो दिन बाद अशद ने फोन कर अश्लील वीडियो बनाने की जानकारी देते हुए धमकाना शुरू कर दिया। महिला ने पति को पूरी बात बताई। मंगलवार को दंपति थाने पहुंचे और अशद के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि अशद को गिरफ्तार किया गया है।
मेडिकल में नहीं हुई दुष्कर्म की पुष्टि
कानपुर (ब्यूरो)। वकील और उसके मित्र पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली महिला के मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं आरोपी के मोबाइल की लोकेशन तलाशने पर मोबाइल पीड़िता के पर्स से ही मिला। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में घटना के दिन 14 अगस्त को आरोपी वकील अनिल सचान के लायर्स एसोसिएशन के चुनाव परिणाम में शामिल होने की बात सामने आ रही है। दूसरा आरोपी राशिद वकील का मुवक्किल बताया जा रहा है। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। बता दें जाजमऊ कैलाश नगर में रहने वाली एक ट्यूशन टीचर ने श्यामनगर के वकील और उसके दोस्त के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कराई है।