कल शाम कोल्ड स्टोरेज से आलू लोड कर कानपुर शहर लाए गए
- फोटो : अमर उजाला, कानपुर
किसानों द्वारा उठान न करने से कोल्ड स्टोरेजों में डंप आलू न फेंकने की अमर उजाला की मुहिम रंग लाई है। नोटबंदी से खरीदारी में आयी कमी और उत्पादकता में बढ़ोत्तरी के चलते आलू के दाम में ज़्यादा गिरावट दर्ज की गयी और आलू की स्टोरेज फुल हो गई। इसकी वजह से कोल्ड स्टोरेज मालिकों के सामने आलू फेंकने की नौबत आ गई।
अमर उजाला ने पहल करते हुए कोल्ड स्टोरेज मालिकों के सामने गरीबों में फ्री आलू बंटवाने का प्रस्ताव रखा। इस पर खुशी-खुशी सभी ने हामी भर दी। सोमवार से अमर उजाला कुछ स्वयंसेवी संगठनों की मदद से जरूरतमंदों को फ्री में आलू बंटवा रहा है। पहले दिन 5 दिसंबर को पनकी हनुमान मंदिर और साउथ सिटी में दबौली दुर्गा मंदिर से गरीबों और जरूरतमंदों को 5-5 किलो आलू फ्री बांटा जा रहा है।
सुबह 9.30 बजे से यहां आलू बंटना शुरू हुआ। गरीब झोला भर-भर कर आलू ले जाते दिखे। सबके चेहरे पर एक अलग ही खुशी नजर आई। बात करने पर कइयों ने अमर उजाला का शुक्रिया अदा किया।
यदि किसी की बेटी की शादी है तो वह शादी का कार्ड दिखाकर और जरूरी जानकारी देकर 40 किलो तक आलू ले सकता है। अनुरोध है कि लोग अपने साथ झोला जरूर लेकर आएं और लाइन लगाकर शांतिपूर्वक ढंग से आलू ले जाएं। मौके पर वालेंटियर और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात रहेगी।