इटावा। कलक्ट्रेट चौराहे पर लगने वाली अटल जी की मूर्ति हाथ जोड़े होने पर भाजपा नेता लगातार आपत्तियां जता रहे हैं। शनिवार को पूर्व सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने डीएम से मिलकर मूर्ति बदलवाने की मांग की है।
कलक्ट्रेट चौराहे से लेकर सेंटमेरी स्कूल के पास तक अलट पथ बनवाया गया है। इस अटल पथ पर अटल जी की स्मृतियां याद करने के लिए उनके चित्र और दीवारों पर उनकी कविताओं की पंक्तियां लिखवाई गई हैं। साथ ही कलक्ट्रेट चौराहे पर उनकी मूर्ति भी लगवाई जा रही है। इसके लिए मूर्ति आ भी गई है। उसमें अटल जी हाथ जोड़े दिखाई दे रहे हैं। इस पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जतानी शुरू कर दी है। सबसे पहले सभासद शरद बाजपेयी ने इस मूर्ति को बदलवाने की मांग करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा था। अब शनिवार को कलक्ट्रेट में डीएम अवनीश राय से पूर्व सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने मुलाकात की है। उन्होंने मूर्ति बदलवाने की मांग की है। वहीं सोशल मीडिया पर भाजपा नेता अंशुल दुबे और मयंक भदौरिया ने भी आपत्ति जताई है। उन्होंने एक कविता की पंक्तियां भी गलत होने का सोशल मीडिया पर दावा किया है।