बकेवर। महेवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत पुरावली के मजरा ढकाताल में एक तालाब में 14 बतखों की अज्ञात कारणों के चलते मौत हो गयी। लोग अनुमान लगा रहे हैं कि तालाब में कोई जहरीला पदार्थ डाल दिया गया जिससे बतखों की मौत हुई है।
ग्राम ढकाताल में स्थित बड़े तालाब में बड़ी संख्या में बतखें रहती हैं। शुक्रवार की शाम बतखें जब तालाब तैर रही थीं तभी कुछ बतखों की मौत हो गई। लोगों ने एक साथ 14 बतखों को मरा देखा तो लखना रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम भेज कर मृत बतखों को तालाब से निकलवाया गया। लखना वन रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई थी। बतखों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
जबकि महेवा पशुपालन विभाग के प्रभारी डॉ विनय मिश्रा ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं हुई। बतखों को जहरीला पदार्थ खिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। लखना रेंजर का कहना है कि बतखें खेतों में चुगने चली जाती हैं। जहां कोई कीटनाशक दवा भी खाने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। (संवाद)