उन्नाव जिले के मौरावां गांव के बाहर कोठरी में सोमवार दोपहर बाद पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट से एक किशोर की मौत व चार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आतिशबाज व उसके दो बेटों को हिरासत में ले लिया है।
मौरावां थाना क्षेत्र के प्रसादखेड़ा गांव निवासी फखरुद्दीन के पास आतिशबाजी (रोशनी वाले पटाखे) बनाने का लाइसेंस है। घर से लगभग 600 मीटर दूर खेत पर कोठरी में सोमवार को गांव के 16 वर्षीय अरुण, 14 वर्षीय सुजीत, 11 वर्षीय सौरभ, 14 वर्षीय लवकुश व आशीष सुतली बम व अन्य आतिशबाजी बना रहे थे।
अरुण कोठरी के अंदर था, जबकि अन्य बच्चे व किशोर बाहर काम कर रहे थे। दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक एक के बाद एक सात धमाके हुए और कोठरी मलबे में तब्दील हो गई। हादसे में कोठरी के भीतर किशोर अरुण की मौत हो गई।
जबकि बाहर काम कर रहे एक बच्चा व तीन किशोर घायल हो गए। तेज धमाकों की गूंज सुन ग्रामीण दौड़ पड़े। आग बुझाने के लिए पुरवा से दमकल को भी बुलाया गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और आतिशबाज और उसके दो बेटों को हिरासत में ले लिया गया है।