Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर कस्बे में एक इस्पात फैक्टरी की भट्टी में विस्फोट हो गया। हादसे में कई मजदूर झुलस गए, जिनमें से एक मजूदर को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर कस्बे में संचालित एक इस्पात फैक्टरी में 40 टन वाली भट्टी में विस्फोट हो जाने से उबलता हुआ लावा मजदूरों पर आ गिरा। इससे 6-7 मजदूरों झुलस जाने की आशंका है। कुछ मजदूरों का फैक्टरी के अंदर ही उनके निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है। वहीं, एक को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
विज्ञापन
कस्बे में संचालित रिमझिम इस्पात फैक्टरी में सुबह करीब पांच बजे 40 टन वाली भट्टी में विस्फोट होने से उसका उबलता हुआ लावा चारों तरफ फैल गया। इससे भट्टी के आसपास काम कर रहे 6-7 मजदूर झुलस गए। अचानक हुई इस घटना से मजदूरों में दहशत फैल गई। फैक्टरी प्रबंधन कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
बॉयलर से तेल निकलने के कारण झुलसे मजदूर
सीओ राजेश कमल ने बताया कि शनिवार सुबह थाना सुमेरपुर क्षेत्र अंतर्गत रिमझिम इस्पात फैक्टरी सुमेरपुर में बॉयलर से तेल निकलने के कारण तीन मजदूर झुलस गए। इसमें बिजवान पुत्र हरि मर्दन सिंह निवासी झूसी प्रयागराज , हीरा यादव पुत्र सरजू यादव निवासी ग्राम सराहा बिहार का इलाज कंपनी के ही अस्पताल में चल रहा है और रामफल पुत्र मुन्ना निवासी धर्मेश्वर बाबा को बेहतर उपचार के लिए डॉक्टर के द्वारा कानपुर नगर रेफर कर दिया गया है।