कानपुर में पशुओं को खिलाने के नाम पर दिल्ली की ब्रांडेड कंपनियों से एक्सपायरी नमकीन और चिप्स लाकर शहरियों को खिलाई जा रही है। शनिवार को सूचना पर खाद्य विभाग ने पनकी इंडस्ट्रियल स्थित आरजे एग्रोटेक में जब छापा मारा तो अधिकारी भी भौचक्के रह गए।
होली को देखते हुए इन लोगों ने भारी मात्रा में माल मंगाया हुआ था। इसे त्योहार में खपाने की तैयारी थी। मौके से 247 क्विंटल से अधिक एक्सपायरी नमकीन और दूसरी खाद्य सामग्री जब्त की गई। टीम में शामिल अधिकारियों के मुताबिक ये लोग एक्सपायरी नमकीन और चिप्स बाहर से लाते हैं।
इसके बाद फुटकर और पैकिंग कर यहां बेचते थे। इस बार भी बड़ी मात्रा में माल इसी साजिश के तहत लाया गया था। खाद्य विभाग की टीम ने और भी जगह इस तरह के धंधे चलने की आशंका जताई है। जब्त किए गए खाद्य पदार्थोँ की कीमत करीब साढ़े पांच लाख से अधिक आंकी गई है। इनके नमूने ले लिए गए हैं। इसी तरह अनंत स्नैक्स के यहां से भी 21 हजार की खाद्य वस्तुओं को सीज किया गया है। कार्रवाई करने वालों में सहायक आयुक्त खाद्य हरिशंकर सिंह, विजय प्रताप सिंह, संजय कुमार सिंह आदि हैं।
इस तरह किया जाता है काला धंधा
अच्छी कंपनी की एक्सपायरी नमकीन लेकर उसमें कुछ और स्वादिष्ट चीजें व चटक रंग मिलाकर नई पैकिंग में भरा जाता है। इसके बाद शहर में सप्लाई की जाती थी।
ठेके होते निशाने पर
इन लोगों के लिए माल खपाने के प्रमुख अड्डे शराब ठेके हैं। यहां चलने वाली कैंटीनों में ये सस्ते दामों में सप्लाई कर देते हैं।
यह माल जब्त किया गया
719 किलो नमकीन, 4229 किलो चिप्स, 1099 किलो कुरकुरे, 220 किलो हल्दी, 59 किलो सौंफ, नौ किलो काली मिर्च, 24 किलो पिसी मिर्च,
9.4 किलो बड़ी इलायची, 366 बोरी कार्न ग्रिड (एक बोरी में 50 किलो कार्न होता है)।