कानपुर देहात। अफसरों की अनदेखी के चलते बीज भंडार संचालक धड़ल्ले से एक्सपायरी डेट की दवाएं बेच रहे हैं। डीएम जेपी सिंह के निर्देश पर गुरुवार को कृषि अधिकारियों ने जिले भर में 45 खाद-बीज दुकानों मेें छापा मारा।
इस दौरन 15 नमूने भरे गए। उपकृषि निदेशक को अकबरपुर स्थित एग्रो एजेंसी में एक्सपायर हो चुकी रासायनिक दवाएं मिली। खामियों पर चार बीज भंडार संचालकों को नोटिस जारी की गई। एक का लाइसेंस निलंबित किया गया।
उपकृषि निदेशक विनोद कुमार यादव ने गुरुवार को टीम के साथ अकबरपुर स्थित खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। एसबीआई रोड स्थित औरैया एग्रो का निरीक्षण करने पर प्रोपराइटर सतेंद्र द्विवेदी मौजूद बीज, रसायन आदि का स्टाक रजिस्टर नहीं दिखा सके। बिक्री के बाद किसानों को रसीद भी नहीं दी जा रही थी। कैश मेमो में किसानों का पता व मोबाइल नंबर भी दर्ज नहीं मिला।
जिस पर उपकृषि निदेशक ने कड़ी नाराजगी जताई और खामियों के बाबत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद बृजबाला एग्रो का निरीक्षण किया। मौके पर फसलों में पोषकता बढ़ाने की एक्सपायर दवा मिली। प्रोपराइटर आशुतोष दीक्षित इस बाबत संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मौके पर स्टाक रजिस्टर भी नहीं पाया गया।
उपकृषि निदेशक ने बताया कि दुकान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की जाएगी। वहीं जिला कृषि अधिकारी सुमित पटेल ने सुपर बीज भंडार कहिंजरी व यादव एग्रो एजेंसी रूरा का निरीक्षण किया। दोनों जगह खामी मिलने पर नोटिस जारी की गई। वैभव लक्ष्मी बीज भंडार कहिंजरी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
सैनिटाइजर न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
कानपुर देहात। कोरोना की दूसरी लहर के बाद लॉकडाउन में एक जून से ढील दी गई है। हालांकि दुकानदारों को दुकान पर सैनिटाइजर का प्रयोग करने व कोविड नियमों का हरहाल में पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद कृषि बीज-खाद भंडार में ही नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
गुरुवार को अकबरपुर की बृजबाला व औरैया एग्रो में उपकृषि निदेशक को मौके पर पर्याप्त सैनिटाइजर नहीं मिला। उन्होंने संचालकों को कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कोविड गाइडलाइन का पालन करने की हिदायत दी।