सरकार बनाने के लिए कर्जा माफ-बिजली हाफ का नार देकर मतदाताओं को रिझाने में जुटी है कांग्रेस
सूबे में ‘सत्ता का सूखा’ झेल रही कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में पार्टी की सरकार बनाने के लिए कर्जा माफ-बिजली हाफ का नार देकर मतदाताओं को रिझाने में जुटी है। गांव-गांव घूम रही राहुल संदेश यात्रा में कांग्रेसी लोगों को कांग्रेस की उपलब्धियां और विचारधारा बता रहे हैं। साथ ही वह बैंकों से कर्ज लेने वाले किसानों से कर्ज माफी के लिए मांगपत्र भी भरवा रहे हैं। पूर्व सांसद अन्नू टंडन का दावा है कि जिले से अब तक दो लाख मांगपत्र भरवाए जा चुके हैं। जिनमें प्रत्येक किसान पर औसतन पचास हजार से एक लाख रुपये का कर्ज है।
22 सितंबर को राहुल गांधी खुद संदेश यात्रा लेकर उन्नाव आए थे। उन्नाव शहर में रोड-शो करने के साथ ही उन्होंने सिकंदरपुर कर्ण ब्लाक के पचोड्डा गांव में रहने वाले गरीब गणेश माली के यहां उनके घर में खाट पर साथ बैठकर भोजन किया था। इसके बाद कांग्रेस ने हर न्याय पंचायत में राहुल का संदेश पहुंचाने की मुहिम शुरू की। जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कम से कम प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर तक पहुुंचने के संकल्प के साथ 18 अक्टूबर से शुरू हुई राहुल संदेश यात्रा 27 अक्टूबर तक जिले में रहेगी। संदेश यात्रा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य डा. तारानंद सादा, प्रदेश संगठनमंत्री व उन्नाव जिला प्रभारी अशोक धान्विक, पूर्व सांसद अन्नू टंडन के अलावा तमाम दिग्गज नेता भी शामिल हैं। पार्टी कार्यकर्ता गांवों में किसानों से किसानों से मांगपत्र भरवा रहे हैं। कांग्रेस इन मांगपत्रों को पार्टी मुख्यालय भेज रही है। अन्नू टंडन ने बताया कि इन मांगपत्रों को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री कार्यालय भेजेंगे और उनसे मांग करेंगे करेंगे कि किसानों का कर्ज माफ करें और बिजल बिल हाफ करें। बताया कि अगर मौजूदा केंद्र सरकार यह नहीं करती तो कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों की इस मांग को पूरा किया जाएगा। अन्नू टंडन ने बताया कि कांग्रेस ने वर्ष 2008 में किसानों का 73 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था।