निर्माणाधीन पुल की दीवार में आई दरार
- फोटो : amar ujala
फतेहपुर के किशनपुर में यमुना नदी पर किशनपुर-दांदो में बन रहे पुल की एप्रोच रोड की साइड वॉल में दरार आ गई है। करीब 40 फीट की ऊंचाई पर बन रही इस एप्रोच रोड में इस समय मिट्टी भराई का काम चल रहा है। मिट्टी पड़ते ही साइड वाल में दरार पड़ने से इसके टूटने का खतरा मंडराने लगा है।
मामले की जानकारी पर सेतु निगम के अफसरों में हड़कंप मचा है और वह डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। खागा तहसील के किशनपुर और बांदा-चित्रकूट जनपद को जोड़ने वाला यमुना पुल निर्माणाधीन है। यह पुल असहट गांव की तरफ से बन रहा है। इस रास्ते से होकर लोग यमुना को पार करेंगे। पुल पर चढ़ने के लिए कार्यदाई संस्था एप्रोच रोड बनाने के लिए साइड वॉल का निर्माण करा चुकी है।
इस समय इस वॉल के अंदर मिट्टी भराई का काम चल रहा है। ताकि जल्द से जल्द एप्रोच सड़क बनाई जा सके। एप्रोच सड़क करीब 40 फीट की ऊंचाई पर बन रही है। कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने जब मिट्टी भराई शुरू कराई तो एप्रोच रोड की साइड वॉल में दरार (क्रैक) पड़ गई।
मिट्टी का दबाव साइड वॉल पर पड़ने से इसके टूटने का खतरा भी मंडराने लगा है। साइड वॉल टूटी तो मिट्टी खिसककर 40 फीट नीचे तुर्की नाले में जा गिरेगी। इधर, वॉल में दरार आने की जानकारी मिलते ही सेतु विभाग के अफसरों में हड़कंप मचा है। शनिवार को अफसरों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और इसकी मरम्मत जल्द से जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
पुल पर एक नजर...
किशनपुर-दांदो यमुना घाट पर दिसंबर 2016 में पुल बनाने का काम शुरू हुआ था। इसके लिए शासन से 125 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली थी। 66.75 करोड़ रुपये से पुल का 65 प्रतिशत निर्माण कार्य मार्च 2019 तक पूरा हो गया। लागत बढ़ने पर सेतु निगम ने रिवाइज इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा था। 15 जुलाई को शासन से पुल बनाने के लिए 91 करोड़ 70 लाख रुपये जारी किए गए। अब इस धनराशि से निर्माण कार्य चल रहा है। पुल की लंबाई 942.83 मीटर है और चौड़ाई साढ़े सात मीटर है।
जिस जगह पर दरार पड़ी उसे फिर से बनाया जाएगा। अभी एक और स्लैब बनाई जानी है। जो दिक्कतें आ रही हैं, उन्हें ठीक किया जा रहा है। मानक के अनुसार ही पुल का निर्माण होगा। जुलाई 2021 में पुल का काम पूरा करा दिया जाएगा।
वीरेंद्र श्रीवास्तव, अवर अभियंता, सेतु निगम