फतेहपुर जिले के दौरे पर आए प्रदेश के आबकारी मंत्री बातचीत में आम आदमी की मानसिकता पर ही सवाल खड़ा कर गए। सरकारी कर्मचारियों के भ्रष्टाचार पर बात करते हुए आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री कह गए कि आम आदमी की मानसिकता खराब है। अपनी गलती का एहसास होते ही संभले आबकारी मंत्री ने कहा कि वह सरकारी कर्मचारियों की मानसिकता की बात कर रहे थे और इसमें सुधार होने में वक्त लगेगा।
प्रदेश के आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर फतेहपुर जिले के दौरे पर थे। रामनरेश अग्निहोत्री जिले के प्रभारी मंत्री भी है। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जिले में चलाए जा रहे विकास कार्यो का लेखाजोखा भी पेश किया। जबान फिसलने के बाद आबकारी मंत्री ने बाद में अपनी बात पर सफाई तो दी लेकिन जिम्मेदार पदों बैठे लोग बोलने के पहले अगर सोचकर बोले तो ऐसी नौबत ही न आने पाए।