फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah: गांव में घुसा जंगली सांभर; घर की दीवार तोड़ी…डेढ़ घंटे तक नहीं पहुंची टीम, ग्रामीणों ने पाया काबू

Thu, 08 Jan 2026 01:20 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इटावा

सार

Etawah News: चकरनगर के मिटहटी गांव में एक सांभर के घुसने से भारी नुकसान हुआ। वन विभाग के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुद साहस दिखाकर जानवर को काबू किया और वापस बीहड़ में भेजा।
विज्ञापन
सांभर को रस्सी से बांधकर पकड़ने का प्रयास करते ग्रामीण - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इटावा जिले के चकरनगर इलाके में बीहड़ क्षेत्र चकरनगर के मिटहटी गांव में गुरुवार को एक जंगली जानवर (सांभर) भटकते हुए आबादी में घुस आया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। कुत्तों के भौंकने और ग्रामीणों के शोरगुल से घबराया सांभर इधर-उधर भागने लगा। भय के माहौल में लोग घरों की छतों पर चढ़कर नजारा देखने लगे।

विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांभर ने गांव के पोसत्ते की दीवार तोड़ दी और मलखान सिंह यादव के गेट से टकराते हुए उनके घर के अंदर घुस गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, लेकिन घटना स्थल से महज दो किलोमीटर दूर स्थित सहसों रेंज कार्यालय होने के बावजूद काफी समय तक कोई टीम नहीं पहुंची।

कई बार स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई
करीब डेढ़ घंटे तक सेंचुअरी टीम के न पहुंचने से आक्रोशित और भयभीत ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर एकजुटता दिखाई। लोगों ने रस्सियों की मदद से किसी तरह सांभर को काबू में किया और बाद में उसे सुरक्षित जंगल की ओर छोड़ दिया। इस दौरान कई बार स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई, लेकिन किसी तरह बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीणों की मांग- वन विभाग गश्त बढ़ाए
ग्रामीणों का कहना है कि बीहड़ क्षेत्र से सटे गांवों में जंगली जानवरों का प्रवेश बढ़ता जा रहा है, लेकिन वन विभाग की तत्परता नदारद है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग गश्त बढ़ाए और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी की जान-माल का नुकसान न हो।
विज्ञापन

अगर सूचना देने की बाद भी टीम समय से घटनास्थल पर नहीं पहुंची है, तो इसकी जांच कर कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में गश्त भी बढ़ाया जाएगा।  -आरुषि मिश्रा, सेंचुअरी डीएफओ आगरा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें