दुल्हन अचानक भावुक होकर रोने लगी
दुल्हन पक्ष कानपुर नगर के पनकी क्षेत्र का रहने वाला है। रात में शादी की रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं। करीब नौ बजे दूल्हा और दुल्हन जयमाला के लिए मंच पर पहुंचे और दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। जयमाला के कुछ ही देर बाद दुल्हन अचानक भावुक होकर रोने लगी।
अपनी इच्छा के खिलाफ शादी नहीं करना चाहती
दूल्हे और परिजनों ने कारण पूछा तो उसने अपने मोबाइल में एक युवक की फोटो दिखाते हुए बताया कि वह उसी से प्रेम करती है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है। उसने यह भी कहा कि परिवार के दबाव में उसकी शादी तय की गई है और वह अपनी इच्छा के खिलाफ शादी नहीं करना चाहती।
प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कराई
दूल्हे ने स्थिति को समझते हुए संयम का परिचय दिया। उसने दुल्हन की उसके प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कराई, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई।
बरात बिना किसी विवाद के लौट गई
शादी में हुए खर्च और लेनदेन के संबंध में भी आपसी सहमति बनी, जिसके बाद विवाह का रिश्ता समाप्त करने का निर्णय लिया गया। समझौते के बाद बरात बिना किसी विवाद के लौट गई। घटना की चर्चा देर रात तक लोगों के बीच होती रही।
कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया और किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।