शादी के महज दो दिन बाद नवविवाहिता ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोर व मोटर वोट से महिला की खोजबीन करवाई लेकिन देर रात उसका कुछ सुराग नहीं लग सका। इटावा के मोहल्ला कटरा समशेर खां निवासी अशोक कुमार की पुत्री भावना दिवाकर (23) की शादी 12 मार्च को सहसों थाना क्षेत्र के गांव हनुमंतपुरा निवासी सत्यवीर के साथ हुई थी। भावना की बुआ उर्मिला देवी के अनुसार उस पर भूत-प्रेत का साया था। इसी कारण शनिवार शाम करीब आठ बजे बुआ उर्मिला देवी और उसका भाई अजय कुमार उसे बाइक से मायके इटावा लेकर जा रहे थे।
इसी दौरान जब बाइक चकरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंबल पुल पर पहुंची तो भावना अचानक बाइक से उतर गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते तब तक उसने चंबल नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और ससुरालीजन मौके पर पहुंच गए। मोटर बोट मंगाकर नदी में तलाश शुरू कराई गई। थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा ने बताया कि कूदने का कोई कारण अभी स्पष्ट नहीं हो रहा है।