इटावा जिले में ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव बछरोई कछपुरा गांव में आंधी आने पर खेतों पर खड़े आम के पेड़ों से आम बीनने गए गांव निवासी संतराम शाक्य के 15 बर्षीय पुत्र दीपक उर्फ दीनू पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
आंधी के बाद तेज बारिश की वजह से करीब एक घंटे तक गांव के लोगों को जानकारी नहीं हुई। बारिश रुकने के बाद गांव के लोग खेत पर गए तो आम के पेडों के पास किशोर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी और अचेत पडे़ किशोर को उठाकर कस्बा ऊसराहार स्थिति एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार के लिए ले गए।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्रीय लेखपाल कुलदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया और परिजनों को शव के पोस्टमार्टम के लिए कहा लेकिन पिता संतराम ने शव का पोस्टमार्टम कराने इनकार कर दिया। संतराम के दो बेटी व दो बेटे हैं। मृतक भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।