आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसा
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर काम कर रहे मजदूरों को टक्कर मारकर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दो मजदूरों समेत तीन लोग घायल हुए हैं। हादसा चालक को झपकी आने से हुआ। ऊसराहार थानाक्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे गुरूग्राम से लखनऊ जा रही कार ने कुरखा के पास काम कर रहे दो मजदूरों राकेश व पप्पू उर्फ निरमेश निवासी खरगुआ थाना ऊसराहार को टक्कर मार दी।
इसके बाद डिवाइडर से टकराकर पलट गई। अन्य मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कुदरैल एक्सप्रेस-वे चौकी पुलिस व यूपीडा की टीम ने कार में फंसे चालक सचिन अरोड़ा निवासी सेक्टर-58 गुरूग्राम व दोनों गंभीर रूप से घायल मजदूरों को आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई भेजा।
कार को एक्सप्रेस-वे से क्रेन से हटवाकर चौकी पर खड़ा करवाया गया। हादसे के कारण करीब एक घंटे तक यातायात भी बाधित रहा। थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने बताया कि चालक को झपकी आने से कार मजदूरों को टक्कर मारती हुई डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दो मजदूर और चालक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।