पटरी पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन के पूर्वी छोर पर अप लाइन से ट्रेन नंबर 12423 (डिब्रूगढ़-नई दिल्ली) राजधानी एक्सप्रेस गुज़र रही थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग पटरी पार कर प्लेटफॉर्म संख्या तीन से दो की ओर जा रहा था। अनुमान है कि वह किसी अन्य ट्रेन से उतरा था और स्टेशन से बाहर जाने के लिए शॉर्टकट अपनाकर पटरी पार कर रहा था, तभी तेज़ रफ़्तार राजधानी की चपेट में आ गया।
एक किमी आगे रुकने पर निकाला गया शव
टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बुजुर्ग का शव इंजन में ही फंस गया। हादसा होते ही स्टेशन पर अफ़रा-तफ़री मच गई। ट्रेन घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर आगे जाकर रुकी, जिसके बाद जीआरपी और रेल सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर इंजन में फंसे क्षत-विक्षत शव को बाहर निकाला।
जीआरपी चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष है और उसकी शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।