लखना सब्जी मंडी में रविवार सुबह छुट्टा सांड ने तांडव मचा दिया। मंडी से सब्जी खरीदकर लौट रहे एक साइकिल सवार फेरीवाले को छुट्टा सांड ने पीछे से उठाकर सड़क पर पटक दिया और पेट में सींग घोंप दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मंडी से सब्जी खरीदकर लौट रहा था अमर
जानकारी के अनुसार, नगला खादर गांव निवासी अमर कुमार (32) साइकिल पर गांव-गांव फेरी लगाकर सब्जी बेचने का काम करता था और वही परिवार का अकेला कमाने वाला था। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह थोक में सब्जी खरीदने लखना सब्जी मंडी गया था।
ग्रामीणों में आक्रोश
अमर की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ममता, 12 वर्षीय बेटी वैष्णवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे बकेवर थानाध्यक्ष विपिन मलिक और लखना चौकी इंचार्ज दीपक भाटी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में छुट्टा पशुओं को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से आवारा सांडों को तुरंत पकड़वाकर गौशाला भिजवाने की मांग की है।