शताब्दी नगर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करतीं केडीए उपाध्यक्ष जयश्री भोज
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अक्टूबर में आगमन के मद्देनजर शहर के अफसरों की धकधक बढ़ गई है। विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए अफसर सड़क पर उतर गए हैं। केडीए वीसी जयश्री भोज ने मंगलवार को शताब्दी नगर और जवाहरपुरम योजना में निर्माणाधीन आवास और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। दूसरी ओर केडीए के चीफ इंजीनियर वीके गोयल ने भी जोन-1 में जारी विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वीसी ने योजना के फ्लैटों के निर्माण में देरी पर नाराजगी जताई। इस पर अधिकारियों ने उन्हें हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग और मौरंग न मिलने के कारण निर्माण अटकने की जानकारी दी। वीसी ने निर्माणाधीन सुलभ आवास, एल्डिको नाले का भी निरीक्षण किया। उन्होंने फ्लैटों के साथ ही विकास कार्य भी पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि आवंटियों को तुरंत कब्जा दिया जा सके।
अब अक्तूबर में शुरू होगी कैनाल पटरी पार्किंग
पनचक्की चौराहे पर निर्माणाधीन कैनाल पटरी मल्टीलेवल पार्किंग में 46 कारों को खड़ी करने की सुविधा अब अक्तूबर में मिलेगी। केडीए चीफ इंजीनियर वीके गोयल ने मंगलवार को निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने जारी काम की धीमी गति पर रोष व्यक्त किया। चीफ इंजीनियर ने जोन-1 में चल रहे फूलबाग पार्क, नवीन मार्केट सुंदरीकरण और परेड मल्टीलेवल के कामों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद गोयल ने बताया कि सुविधाएं विकसित करने के बाद ही पार्किंग की शुरुआत होगी। सितंबर के अंत तक पार्किंग के काम पूरे हो जाएंगे। नवीन मार्केट सुंदरीकरण का काम संतोषजनक मिला है। परेड मल्टीलेवल पार्किंग का काम और तेज करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जोन-2, बृहस्पतिवार को जोन-3 और शुक्रवार को जोन-4 में जारी विकास कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा।