फर्रुखाबाद के गमा देवी मंदिर के पांच साधू विषाक्त भोजन खाने से फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। इन साधुओं को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली फतेहगढ़ के जेएनवी रोड स्थित गमा देवी मंदिर में सोमवार की रात जगदेव महाराज दंडी स्वामी ने मंदिर में बनी उरद व चना की दाल, रोटी और दहीबड़ा खाया था।
मंगलवार की तड़के जगदेव महाराज समेत नन्हे बाबा, रामा स्वामी, रामस्वरूप बाबा, बाबा हरिशचंद्र की अचानक तबियत खराब हो गई। सुबह प्रताप यादव मंदिर दर्शन करने के लिए पहुंचे तो वहां पर साधुओं की तबीयत खराब देख प्रताप यादव ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। मोहल्ले के अंबरीश चौरसिया, संजय गुप्ता, सीपी पाठक, धर्मेद्र जोशी समेत काफी संख्या में लोग वहां पर आ गए।
एंबुलेंस से सभी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
मामले की सूचना पर मोहल्ले के लोग साधुओं का हाल लेने अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मौजूद संजय गुप्ता, अंबरीश चौरसिया ने बताया कि साधुओं ने उरद और चना की मिक्स दाल के अलावा दही-बड़ा खाया था। इसी से उनकी हालत खराब हुई है।