कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन पर खड़ी संगम एक्सप्रेस
- फोटो : अमर उजाला, कानपुर
आज एक बार फिर भारतीय रेलवे की बड़ी खामी सामने आ गई। कानपुर देहात के कंचौसी से झींझक रेलवे स्टेशन के बीच एक एक्सप्रेस ट्रेन बैलगाड़ी में तब्दील हो गई। बाद में ट्रेन को दो घंटे के लिए झींझक स्टेशन पर रोक दिया गया। गर्मी के समय में परेशानी झेल रहे यात्री इतने में आग बबूला हो उठे।उन्होंने रेलवे की बदइंत्तजामी से तंग आकर नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन डाउन लाइन पर सुबह साढ़े पांच बजे से संगम एक्स्प्रेस सात बजे तक खड़ी रही। वजह जानी गई तो पता चला ट्रेन का इंजन फेल हो गया था। कंचौसी से रवाना होते ही ट्रेन ने अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया था। यात्री भी भांप गए थे जरूर कोई गड़बड़ है। इसकी सूचना कंचौसी स्टेशन मास्टर अजय कुमार ने अगले स्टेशन झींझक के स्टेशन मास्टर से सम्पर्क कर बता दी थी।
झींझक स्टेशन मास्टर ने भी इसकी सूचन आगे दे दी। गांडी सुबह 5:34 पर झींझक में डाउन लाइन पर आकर रुकी। यहीं पर ट्रेन को काफी देर तक रोके रखा गया। ट्रेन में सवार यात्रियों ने उक्ता कर नारे लगाने शुरू कर दिए। इनका कहना था कि न तो बोगियों के शौचालय में पानी है और न ही गाड़ी में लगे पंखे काम कर रहे हैं। इतनी गर्मी में कैसे सफर करें। इस पर उन्हें इंजन में गड़बड़ी की बात बताकर शांत कराया गया।
यात्रियों का गुस्सा देख बाद में अपलाइन पर पहले से खड़ी मालगाड़ी का इंजन काट कर संगम एक्सप्रेस से जोड़ा गया और सात बजे ट्रेन को रवाना किया गया। तब जाकर रेलकर्मियों को राहत की सांस मिली। लेकिन इस बीच पूरा ट्रेन रूट भी प्रभावित रहा।