रेलवे यात्रियों को ज्यादा से ज्याद कन्फर्म टिकट देने के लिए रेलवे ने नई कवायद शुरू की है। इसके तहत वेटिंग टिकटों की संख्या के हिसाब से रेलवे प्रशासन अब लोकल स्तर पर ही कोच बढ़ाने का निर्णय लेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे ने अनवरगंज स्टेशन से गोरखपुर के बीच चलने वाली चौरी-चौरा एक्सप्रेस समेत दूसरे रूटों की दो अन्य ट्रेनों से इसका प्रयोग शुरू किया है।
नई व्यवस्था के तहत लंबी वेटिंग होेने पर रेलवे लोकल स्तर पर ही ट्रेनों में कोचों की संख्या बढ़ाएगा। अब हाई अथॉरिटी से इसकी परमीशन नहीं लेनी पड़ेगी। इससे वेटिंग लिस्ट ट्रेन के छूटने के पहले से कन्फर्म हो जाएगी।
चार्ट बनने के पहले टिकट कन्फर्म होने पर इसकी सूचना मोबाइल पर आ जाएगी। बढ़ाए गए अतिरिक्त कोचों की ऑनलाइन फीडिंग तत्काल कर दी जाएगी। इससे यात्रियों को फौरन ही इसका लाभ मिल जाएगा।
गोरखपुर से कानपुर अनवरगंज स्टेशन के बीच चलने वाली 15004 चौरीचौरा एक्सप्रेस में 11 फरवरी और 15003 अनवरगंज-गोरखपुर चौरीचौरा एक्सप्रेस में 12 फरवरी को व्यवस्था लागू होगी।
दोनों में स्लीपर के एक-एक कोच बढ़े हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि इस व्यवस्था से दलालों पर शिकंजा कसेगा और यात्रियों को तत्काल राहत मिलेगी।
एक माह निरस्त रही चौरी-चौरा फिर चली
कानपुर। कोहरे की वजह से एक माह निरस्त रही चौरी-चौरा एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को दोबारा अनवरगंज स्टेशन से चली। अनवरगंज से गोरखपुर अप-डाउन वाली यह ट्रेन 8 जनवरी से निरस्त चल रही थी।
इस ट्रेन पर ज्यादातर कानपुर से फतेहपुर और इलाहाबाद के यात्री सफर करते हैं। इसके दोबारा चलने से यात्रियों में खुशी देखी गई। दस फरवरी को शाम पौने पांच के बजाय ट्रेन (15003) सात बजे अनवरगंज स्टेशन से रवाना हुई।
उधर, गोरखपुर से आने वाली चौरी-चौरा एक्सप्रेस (15004) अनवरगंज स्टेशन तीन घंटे देर से दोपहर पौने तीन बजे पहुंची।
अभी भी पांच घंटे तक लेट हैं ट्रेनें
कानपुर। लंबे समय से बिगड़ी ट्रेनों की चाल अभी भी नहीं सुधर सकी है। दो से लेकर पांच घंटे की देरी से ट्रेनें चल रही हैं। बुधवार को भी आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें लेट चल रही हैं।
जम्मूतवी मुरी टाटा एक्सप्रेस और हावड़ा नई दिल्ली एक्सप्रेस अप और डाउन दो घंटे, हटिया आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस तीन घंटे, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और आभा उद्यान एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं।
अब 22 डिब्बों वाली हुई जनसाधारण एक्सप्रेस
कानपुर। मुंबई जाने वाले यात्रियों को रेल प्रशासन ने राहत दी है। गोरखपुर से मुंबई के बीच चलने वाली इस ट्रेन में जनरल श्रेणी के पांच कोच स्थायी रूप से बढ़ा दिए गए हैं।
अब इसकी रेक संरचना 20 सामान्य और दो स्लीपर कोच की होगी। 17 डिब्बों वाली जनसाधारण एक्सप्रेस अब 22 डिब्बों वाली ट्रेन होगी। 12597 गोरखपुर-मुंबई में 16 फरवरी और मुंबई-गोरखपुर जनसाधारण में 17 फरवरी से बढ़े हुए कोच शामिल होंगे।