कानपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरसौल में ड्यूटी पर नदारद मिले दो कर्मचारियों का वेतन कटेगा। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। डीएम ने सीएचसी का निरीक्षण मिला। यहां उन्हें अनियमितताएं और कमियां मिलीं। इस पर जांच के आदेश दिए गए।
शनिवार दोपहर डीएम सीएचसी पहुंचे। उपस्थिति पंजिका में दर्ज दो कार्मिक अनुपस्थित मिले। डीएम ने एक दिन का वेतन काटने के साथ स्पष्टीकरण तलब किया। ओपीडी पर्ची काउंटर पर किसी कार्मिक के मौजूद न होने पर नाराजगी जताई। निरीक्षण में एक्सरे की संख्या औसत 8-10 प्रतिदिन पाई गई। डीएम ने इसे संदिग्ध मानते हुए जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ओपीडी रजिस्टर में कई मरीजों के नाम, पते और फोन नंबर त्रुटिपूर्ण पाए गए। डीएम ने इसे सुधारने के साथ 26 अक्तूबर को सभी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक एवं कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एक अक्तूबर से अब तक दर्ज रोगियों के विवरण की सत्यापन रिपोर्ट मांगी।
केंद्र पर पांच फार्मासिस्ट तैनात होने पर डीएम ने इतनी संख्या में फार्मासिस्ट की तैनाती का औचित्य स्पष्ट करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रनवीर सिंह केंद्र पर मौजूद मिले जबकि उनका दायित्व क्षेत्र भ्रमण करना है। डीएम ने उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। डीएम ने रोगियों और तीमारदारों से बात की और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।