कानपुर। कल्याणपुर के इंद्रानगर में बुधवार को इलेक्ट्रानिक दुकान की गुल्लक में रखे 1.65 लाख रुपये चोरी कर कर्मचारी रफूचक्कर हो गया। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्याणपुर इंद्रानगर निवासी संजय शर्मा की इंद्रा नगर चौराहे पर जेडी इलेक्ट्रानिक के नाम से दुकान है। संजय शर्मा के मुताबिक वह बुधवार को सुबह दुकान खोलने आए। उसी दौरान कर्मचारी सत्यम भी आ गया। दुकान खोलने के बाद वह दुकान के बाहरी हिस्से में पूजा करने लगे। सत्यम झाड़ू लगाने लगा। जब वह दुकान के अंदर पहुंचे तो गुल्लक खुली थी और कैश व कर्मचारी गायब थे। आरोप है कि झाड़ू लगाते समय सत्यम ने वहीं टंगी चाबी से गुल्लक खोलकर नकदी पार कर दी। घटना के बाद उन्होंने 112 नंबर पर और बाद में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कल्याणपुर इंस्पेक्टर राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।