सीएम योगी के हेलिकॉप्टर की इमजेंसी लैंडिंग से मची भगदड़
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज में गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के लिए ग्वालियर से लखनऊ जा रहे हेलिकॉप्टर की इमजेंसी लैंडिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। एसडीएम सदर और सीओ सिटी भारी फोर्स के साथ पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंच गए।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के साथ ही डाक्टरों की टीम को भी बुला लिया गया। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे आई सूचना के बाद अधिकारी एक पैर पर मौके पर डटे रहे, जब शाम करीब पौने चार बजे सीएम के हमीरपुर पहुंचने की सूचना के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
हमीरपुर में होने वाले उपचुनाव के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को गुरुवार को दोपहर तीन बजे वहां जनसभा को संबोधित करने जाना था। आचार संहिता लगी होने के कारण वह सरकारी हेलिकॉप्टर से वहां नहीं जा सकते थे, इसलिए ग्वालियर की एक कंपनी से प्राइवेट हंस हेलिकॉप्टर मंगाया गया था। हेलीकाप्टर लखनऊ पहुंचता इससे पहले ही मौसम खराब हो गया। घने बादल और बारिश के कारण दृश्यता कम हो गई और पायलट ने कन्नौज में इमरजेंसी लैंडिंग मांगी।
सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री के प्रोटोकाल विभाग से डीएम रवींद्र कुमार को इमरजेंसी लैंडिंग की तुरंत जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत एसडीएम सदर शैलेष कुमार और सीओ सिटी श्रीकांत गौतम को पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड के लिए रवाना कर दिया। कुछ ही देर में सदर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा फोर्स के साथ पहुंच गए। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस बुला ली गई। जिला अस्पताल के फिजीशियन डा. गीतम सिंह और रवींद्र साहू के साथ ही फार्मासिस्ट को बुला लिया गया।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मिली सूचना के बाद करीब १० मिनट में ही पुलिस लाइन में सारी व्यवस्था चाकचौबंद कर ली गई। लेकिन हेलीकॉप्टर जब तक कन्नौज पहुंचता मौसम साफ हो गया और उसने सीधे लखनऊ में लैंडिंग की। जहां से सीएम को लेकर हमीरपुर के लिए रवाना हो गया। करीब सवा तीन घंटे इंतजार करने के बाद अधिकारियों को ३.४५ पर सीएम के हमीरपुर पहुंचने की जानकारी मिली तो उन्होंने राहत की सांस ली।
सीएम के लिए ग्वालियर से हेलिकॉप्टर लखनऊ जा रहा था लेकिन मौसम में खराबी के कारण उसने कन्नौज में इमरजेंसी लैंडिंग मांगी थी, इसके लिए पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड में व्यवस्था कराई गई थी, लेकिन फिर मौसम साफ हो गया और हेलिकॉप्टर सीधे लखनऊ पहुंच गया।
- रवींद्र कुमार, जिलाधिकारी, कन्नौज