कानपुर देहात। 132 केवी जैनपुर व पुखरायां ग्रिड उपकेंद्रों में 33 केवी मेन बस में रविवार को मरम्मत कार्य होगा। तेरह उपकेंद्रों व 11 औद्योगिक फीडरों की बिजली आपूर्ति अलग-अलग समय पर बंद रहेगी।
एसडीओ ज्ञानेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि जैनपुर ग्रिड उपकेंद्र में मेन बस द्वितीय में मरम्मत कार्य के लिए रविवार सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक रूरा, जैनपुर व माती कोर्ट की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। मेन बस तृतीय में मरम्मत कार्य के लिए सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक अकबरपुर, मैथा उपकेंद्र व मेडिकल कॉलेज फीडर और औद्योगिक फीडर एचएलएग्रो, नैरोलक, एस्ट्रल, आनंदेश्वर व स्पर्श प्रथम की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
मेन बस प्रथम में मरम्मत के लिए दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक रायपुर उपकेंद्र व औद्योगिक फीडर स्पर्श-2, पीजीसीआईएल, एचपीसीएल और कानपुर एडबिल की बिजली बंद रहेगी। इसी प्रकार ग्रिड उपकेंद्र पुखरायां में 33 केवी मेन बस द्वितीय के खराब जंपर बदलने और बस आइसोलेटर स्विच में मरम्मत कार्य होगा। इसको लेकर सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक अकोढ़ी, बरौर, मुतैहरापुर, भोगनीपुर प्रथम व द्वितीय, अमरौधा, सट्टी व मुंगीसापुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। लोग पेयजल आदि का इंतजाम कर लें ताकि असुविधा न हो।