कानपुर। नवरात्र के लिए घरों और शहर के मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जगह-जगह दुर्गा पूजा पंडाल सजाए जाने लगे हैं। रंग-रोगन, साफ-सफाई के साथ मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया जा रहा है। सोमवार की सुबह पूजन के साथ घट स्थापना और आरती होगी। इस वर्ष तृतीया तिथि 24 व 25 सितंबर दोनों ही दिन रहेगी। इस कारण नवरात्र 10 दिन के होंगे।
अश्विन मास की प्रतिपदा सोमवार 22 सितंबर से इस बार शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नवरात्र का समापन एक अक्तूबर को होगा। इस दौरान घरों व मंदिरों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना होगी। इसके लिए कालीबाड़ी मंदिर बंगाली मोहाल, बारादेवी मंदिर, काली मठिया शास्त्रीनगर, आशा माता मंदिर झकरकटी व कल्याणपुर, तपेश्वरी माता मंदिर बिरहाना रोड, जंगली देवी मंदिर और दामोदरनगर के मां वैष्णो देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में तैयारी तेज हो गई है। बारादेवी और तपेश्वरी देवी मंदिर के पास मेला भी लगेगा। इसके लिए यहां दुकानदार दुकानें सजाने में जुट गए हैं। भक्तों की भीड़ उमड़ने के चलते मंदिरों में सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हें। भक्त बैरिकेडिंग से होकर मां का दर्शन पूजा कर सकेंगे। मंदिरों व आसपास सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसके साथ सीसीटीवी कैमरों से भी चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
घटस्थापना का शुभ मुहूर्त
प्रातः कालीन मुहूर्त : सुबह 05:58 से 07:52 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त : दोपहर 11:37 से 12:25 बजे तक