कानपुर। पिछले सोमवार को आए तूफान से ध्वस्त शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर आई भी नहीं थी कि शनिवार देर रात आई आंधी-बारिश ने फिर पूरे शहर की बिजली व्यवस्था को चरमरा दिया। इससे पानी का संकट भी खड़ा हो गया। उन्नाव से पनकी आने वाली ग्रिड लाइन में फॉल्ट होने से उन्नाव, कानपुर समेत आस-पास के कई जिलों की बिजली गुल हो गई। यह फॉल्ट रात साढ़े तीन बजे दुरुस्त हुआ।
बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और लाइनों के टूटने से केस्को ने सभी 82 सबस्टेशनों को बंद कर दिया। रविवार सुबह आठ बजे के बाद 216 फीडरों से बिजली आपूर्ति चालू की गई लेकिन लोकल फॉल्ट से दिन भर अधिकतर इलाकों में बिजली की आवाजाही लगी रही। रात तक यही हाल रहा। नगर-ग्रामीण और देहात में करीब 30 लाख की आबादी इससे परेशान रही। केस्को ने सर्वोदय नगर, नौबस्ता, रतनपुर, जाजमऊ, कल्याणपुर, शास्त्री नगर, किदवई नगर से जुड़े कई क्षेत्रों में देर रात तक बिजली सही होने की उम्मीद जताई। 150 से अधिक गांवों में सोमवार रात तक बिजली सामान्य होगी।
शहर में 50 से ज्यादा बिजली के खंभे गिर गए और एलटी-एचटी लाइनों के टूटने से बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई। कई फीडर ट्रिप होने समेत शहर भर में 80 से अधिक फॉल्ट हुए। उधर, सिंहपुर, ईश्वरीगंज समेत आसपास के इलाकों में सोमवार रात तक बिजली व्यवस्था चालू होने की उम्मीद है।